Dehradun रायपुर थाना क्षेत्र में हुई 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या का दून पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हत्या की वारदात को घर में काम करने वाले नौकर ने अंजाम दिया था। बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर महिला से उसका विवाद हुआ था
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के मुताबिक, तीन सितंबर को दिनेश बंसल निवासी रायपुर ने डायल-112 पर सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला की स्थिति गंभीर देखते हुए पुलिस ने तत्काल चिकित्सकों को बुलाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ था विवाद
जांच में सामने आया कि बुजुर्ग महिला और घर में काम करने वाले नौकर विनीत कुमार निवासी ग्राम मंजयाली बड़कोट उत्तरकाशी वर्तमान निवासी नेहरू कालोनी के बीच बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था
आरोपित ने वृद्धा के चिल्लाने पर पकड़े जाने के डर से उसका मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी महिला के सोने के कड़े लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस से बचने के लिए उसने कपड़े भी बदल लिए थे।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मृतका से लूटा गया कड़ा भी बरामद किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।