मौसम के साथ उत्तराखंड में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा, अबतक 181 मामले आए सामने

देहरादून। मौसम में बदलाव के बीच जिले में स्वाइन फ़्लू (एच1एन1,इन्फ्लूएंजा) के मामले लगातार बढ़ते हा रहे हैं। अबतक 385 सैंपल की जांच में 181 में स्वाइन फ्लू पुष्टि हुई है। इनमें 61 मरीज अस्पतालों में उपचाराधीन हैं, जबकि 118 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक कुल 181 संक्रमितों में 122 देहरादून और 59 अन्य क्षेत्रों के हैं। इनमें 95 पुरुष और 86 महिलाएं शामिल हैं। संक्रमण से अबतक दो मरीजों की मौत दर्ज की गई है। वहीं, बुधवार को 49 नए मामले सामने आए। इनमें 35 दून जबकि 14 अन्य जगहों से हैं। 26 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

कोविड के चार नए मामले आए

देहरादून: कोविड के मामले में लगातार जिले में बढ़ रहे हैं। बुधवार को 47 सैंपल में से चार नए मामले सामने आए। इनमें तीन दून जबकि एक अन्य क्षेत्र का है। चार मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, अबतक कोविड के 226 सैंपल की जांच में 34 मरीज संक्रमित मिले हैं। इनमें 13 देहरादून और 21 अन्य क्षेत्रों के हैं। 30 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और चार मरीज देहरादून और ऋषिकेश अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। कोविड से अब तक किसी मरीज की मौत दर्ज नहीं हुई है।

छह नए डेंगू मरीज मिले, तीन देहरादून और तीन अन्य जिलों के

देहरादून: जिले में डेंगू का संक्रमण लगातार सामने आ रहा है। बुधवार को डेंगू जांच में छह नए मरीज मिले। इनमें तीन मरीज देहरादून और तीन अन्य जिलों के हैं। नए मरीजों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। इसमें तीन देहरादून एक हरिद्वार जबकि एक रुद्रप्रयाग निवासी हैं। सभी छह मरीज अलग-अलग अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार अब तक डेंगू की 23,900 सैंपल जांच की जा चुकी हैं, जिनमें 124 मामले सामने आए हैं। इनमें 60 मरीज देहरादून और 64 अन्य जिलों के हैं। 111 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 13 मरीज अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।

वहीं, बुधवार को आशा और वालंटियर टीमों ने संयुक्त रूप से 12,107 घरों का सर्वे किया। इस दौरान 88,779 कंटेनरों की जांच की गई और 438 कंटेनर पाजीटिव मिले। संचयी रूप से 52,04,582 घरों का सर्वे और 18,764 पाजीटिव कंटेनर दर्ज किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *