देहरादून में देर रात रफ्तार का तांडव: कई वाहनों को टक्कर मारकर सब्जी मंडी में घुसी कार, मची अफरा-तफरी

देहरादून। कैंट क्षेत्र में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कार कई वाहनों को टक्कर मारते हुए सब्जी मंडी में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक हंगामा होता रहा। दुर्घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है

जानकारी के अनुसार, कैंट क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में बुधवार रात के समय एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार महिला चला रही थी। बताया जा रहा है कि कार ने मंडी की ओर बढ़ते हुए रास्ते में खड़े अथवा गुजर रहे कई वाहनों को टक्कर मार दी। इसके बाद कार सीधे सब्जी मंडी के भीतर जा घुसी। अचानक हुए हादसे से मंडी में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई

कार के मंडी में घुसने के बाद वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश दिखाई दिया और मौके पर हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।

हादसे में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, उसकी चोटों की स्थिति के बारे में अभी विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है। वहीं, टक्कर से कई वाहनों को नुकसान पहुंचने की भी जानकारी है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *