Uttarakhand Weather: रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के एक दिन बाद बरसे बदरा, खिल गया तन-मन…आने वाले दिनों में मिलेगी राहत या सूर्य देव बरपाएंगे कहर

 

देहरादून: Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी के प्रकोप के बीच शाम को बारिश ने कुछ राहत पहुंचाई है। देहरादून समेत ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में दिनभर चटख धूप खिली और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।

इससे पहले शुक्रवार को पारे ने सभी रिकार्ड तोड़ दिए थे। हालांकि, देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में शाम को मौसम ने करवट बदली और तेज हवा के साथ कुछ देर बारिश हुई। पर्वतीय क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर दोपहर बाद वर्षा हुई।

गर्मी का कहर चरम पर

दून में इस बार गर्मी का कहर चरम पर है। पिछले एक सप्ताह से भीषण गर्मी से आमजन हल्कान हैं। चटख धूप के बीच पारा उच्चतम स्तर पर पहुंचा हुआ है। हालांकि, शनिवार को जून के पहले दिन शाम को आसमान में घने बादलों ने डेरा डाला और कुछ देर बारिश हुई। इस बार मई में दून में सामान्य से 83 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले कुछ दिन में दून में हल्की से मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान बताया है। आज भी मैदानों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। जिससे तापमान सामान्य से अधिक बना रह सकता है। वहीं, पर्वतीय इलाकों में गरज व चमक के साथ झोंकेदार हवा और मध्यम से तीव्र बौछारें पड़ने की आशंका है।

शनिवार से प्रदेश में हल्की वर्षा शुरू हुई, जबकि सोमवार से बारिश का दौर तेज हो सकता है। जिसके बाद पारे में कुछ कमी आने की उम्मीद है। दून में भी हल्की बौछारें राहत दे सकती हैं। हालांकि, अभी उमसभरी गर्मी बरकरार रह सकती है।

शार्ट सर्किट के साथ कई जगह लाइट रही गुल

शनिवार शाम तेज बारिश व तूफान के बीच कई जगह शार्ट सर्किट के मामले सामने आए हैं। इस कारण कई जगह बिजली गुल रही। वहीं, बारिश के चलते जंगलों में लगी आग से भी कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *