देहरादून। मिलावट और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने जांच अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सभी जिलों में एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलेगा। निगरानी का जिम्मा मंडलायुक्तों को सौंपा गया है।
जिला प्रशासन खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के साथ प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने ले रहा है। एक्सपायरी या खराब सामग्री मिलने पर उसे नष्ट कराया जा रहा है। चीनी की जमाखोरी और घरेलू गैस सिलिंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर भी नजर हैं
देहरादून में सोमवार को 11 नमूने लिए गए। एक अगस्त से अब तक 70 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 48 नमूने लिए जा चुके हैं और 11 दुकानदारों को नोटिस दिए गए हैं।
हरिद्वार में 17 अगस्त से 47 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 27 नमूने लिए गए तथा 10 नोटिस जारी हुए। चमोली में तीन नमूने लिए गए और दो दुकानदारों को नोटिस दिए गए। रुद्रप्रयाग में 12 दुकानों से छह नमूने लिए गए और एक्सपायरी सामग्री नष्ट कराई गई।
नैनीताल में 10 दुकानों का निरीक्षण कर छह नमूने लिए गए और 10 किलो मानकविहीन मिठाई नष्ट कराई गई। पौड़ी में 10, बागेश्वर में तीन, अल्मोड़ा में दो, पिथौरागढ़ में दो, टिहरी में छह और उत्तरकाशी में चार नमूने लिए गए। चंपावत में 21 स्थानों का निरीक्षण कर 10 नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं।