देहरादून। कोतवाली विकासनगर अंतर्गत धर्मावाला-कुंजा मार्ग पर गोवंश के साथ क्रूरता का बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे गोवंश को बांधकर सड़क पर घसीटने का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया है। गोवंश गंभीर रूप से घायल है।
उसके शरीर पर गहरे घाव हैं और कई स्थानों पर हड्डियां तक दिखाई दे रही हैं। घटना के बाद चालक घायल गोवंश को जुडली गांव में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया।
हिंदू संगठनों ने धरना देकर आक्रोश जताया और गोवंश का उपचार कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपित को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया है।
रविवार सुबह सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े गोवंश को देखकर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर हरबर्टपुर पुलिस चौकी प्रभारी मयंक त्यागी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई
मार्ग किनारे लगे सीसीटीवी में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक गोवंश को पीछे बांधकर घसीटता हुआ दिख रहा है। लोगों ने घटना में शामिल व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल राजीव रौथाण के अनुसार जुडली निवासी आयुष शर्मा की तहरीर पर आरोपित राजकुमार निवासी आदूवाला जुडली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।