देहरादून। हरिद्वार- देहरादून हाईवे पर कुआंवाला में मणिमाई मंदिर के पास बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब हरियाणा के रोहतक से आए लोगों की मारुति ईको वैन चला रहे चालक को कथित तौर पर नींद की झपकी आ गई और वाहन सड़क किनारे खड़े यूटिलिटी वाहन से पीछे से जा टकराया
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही हर्रावाला चौकी और कोतवाली डोईवाला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें समीप के अस्पतालों में पहुंचाया। ड्राइवर समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीन घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हर्रावाला पुलिस चौकी प्रभारी कमलेश गौड़ के अनुसार, प्रारंभिक जांच और घायल से पूछताछ में सामने आया है कि हादसा चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ। नींद आने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सड़क किनारे खड़े यूटिलिटी वाहन में पीछे से टक्कर मार दी। हरियाणा नंबर के निजी वाहन में गाड़ी में सवार लोगों ने ड्राइवर को नींद आते देख उसे गाड़ी रोकने के लिए भी कहा था। परंतु वह नहीं रुका। वाहन में सवार घायल ने बताया कि वह सभी लोग आनलाइन बुकिंग के माध्यम से इस वाहन में सवार हुए थे।
हादसे का शिकार हुए सभी सात लोग हरियाणा के रोहतक से मंगलवार को निकले थे। देर रात करीब 2:30 बजे वे हरिद्वार पहुंचे। बुधवार सुबह टपकेश्वर मंदिर में दर्शन करने के बाद सभी लोग वापस हरिद्वार की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान मणिमाई मंदिर के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। मृतकों में नरेश (42) पुत्र महावीर, निवासी टिकट वाली गली, रेलवे रोड, रोहतक, हरियाणा , विनोद निवासी आर्य नगर रोहतक हरियाणा , ड्राइवर सोमपाल पुत्र लालाराम वार्ड नंबर 5 पेंच कपूरचंद रोहतक हरियाणा शामिल हैं। जबकि एक अन्य मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।