Chamoli Tunnel Landslide: दो श्रमिक टनल में अभी भी लापता, तलाश जारी; यूकेडी ने THDC के बाहर किया प्रदर्शन

Chamoli Tunnel Landslide: पीपलकोटी-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की टनल में अचानक भूस्खलन होने से 22 श्रमिक वहां फंस गए थे। 12 श्रमिकों को सुरक्षित निकाला गया, जबकि दो श्रमिक लापता हैं और आठ की जान जा चुकी है।

टीएचडीसी की पीपलकोटी-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की टनल में हुए हादसे में दो श्रमिक अभी भी लापता हैं। श्रमिकों की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान जारी है।

पीपलकोटी में टीएचडीसी की टेल रेस टनल में बृहस्पतिवार को हुए हादसे के बाद से सर्च अभियान लगातार जारी है। सात शव पहले ही बरामद हो गए थे। वहीं, शनिवार को सर्च अभियान के दौरान एक और शव बरामद हुआ। जिसकी पहचान देवनाथ निवासी छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। अभी दो श्रमिकों की तलाश जारी है, जबकि 12 श्रमिकों को सुरक्षित निकाला गया है।

सर्च अभियान में दिक्कत आ रही

एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस व जिला प्रशासन की टीम सर्च अभियान में जुटी हैं। टनल के अंदर से पानी को बाहर निकालने के लिए पंप लगाया गया है। टनल के अंदर मशीन व अन्य निर्माण सामग्री पड़ी हुई है, पानी और मलबा भरा हुआ है, इससे सर्च अभियान में दिक्कत आ रही है। जिस जगह पर मलबा आया था टीमें वहां तक पहुंच गई हैं लेकिन अभी तक लापता दो श्रमिकों का पता नहीं चल पाया है।

यूकेडी ने टीएचडीसी कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन

टनल में हुए हादसे में मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर यूकेडी ने आज टीएचडीसी के पीपलकोटी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उनकी सुरक्षा कर्मियों के साथ काफी बहस हुई। लेकिन वे अंदर नहीं जा पाए। कंपनी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे यूकेडी कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह घटना कंपनी की लापरवाही से हुई है। इसलिए कंपनी को उचित मुआवजा देना चाहिए। यूकेडी कार्यकर्ताओं का कहना है कि अब कंपनी के अधिकारी गेट पर आकर बात करें और मुआवजे का आश्वासन दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *