देहरादून। मोहब्बेवाला में हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को एक बार फिर सीमेंट ब्लाक ईंट से लदा ट्रक ढलान पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक सड़क पर पलटने के साथ ही उसमें लदी निर्माण सामग्री सड़क पर बिखर गई। गनीमत रही कि दुर्घटना के दौरान आसपास से गुजर रहा कोई वाहन या व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा होने से टल गया।
ट्रक पलटने और निर्माण सामग्री सड़क पर फैलने के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हो गया। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई। हादसे की सूचना मिलते ही पटेलनगर और क्लेमेनटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल यातायात व्यवस्था संभालते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की।
क्लेमेनटाउन थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि ट्रक को हटाने के लिए क्रेन मौके पर बुलवाई गई। क्रेन की मदद से वाहन को सड़क से हटाने के बाद बिखरी निर्माण सामग्री को भी किनारे करवाया गया। इसके बाद देर रात यातायात को सामान्य कराया जा सका। पुलिस ने दुर्घटना के बाद ट्रक चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ढलान पर ट्रक की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते ट्रक पलट गया। हालांकि पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं ह
पुलिस ने चालक से पूछताछ के साथ ही वाहन और दुर्घटनास्थल की स्थिति का भी जायजा लिया है। बता दें कि गुरुवार को कंटेनर की टक्कर लगने से रोड स्वीपिंग मशीन के चालक की मौत हो गई थी। इससे पहले मोहब्बेवाला ढलान पर छह बड़े हादसे हो चुके हैं।