देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कालेज अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों के ड्यूटी के दौरान पहनावे को लेकर सख्ती की गई है।
अस्पताल प्रशासन की ओर से ड्रेस कोड का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। चिकित्सकों और कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान जींस-टीशर्ट पहनने से बचने और निर्धारित परिधान में आने को कहा गया है। साथ ही डॉक्टरों के लिए कम से कम एप्रन पहनना जरूरी किया गया है।
प्रभावित होता है अस्पताल का माहौल
कैंसर रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डा. दौलत सिंह ने इस संबंध में कहा कि कई बार कुछ चिकित्सक ड्रेस कोड के अनुरूप आते हैं, जबकि कुछ जींस-टीशर्ट पहनकर ड्यूटी करते हैं।
इससे अस्पताल का माहौल प्रभावित होता है और वरिष्ठ चिकित्सकों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की पहचान उनके पहनावे से भी होनी चाहिए। यदि कोई चिकित्सक सामान्य शर्ट पहनकर बैठा रहेगा तो मरीज और तीमारदार कैसे पहचानेंगे कि वह डॉक्टर है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों के लिए कम से कम एप्रन पहनना जरूरी होना चाहिए। इससे मरीजों को डॉक्टर की पहचान करने में आसानी होगी और अस्पताल की गरिमा भी बनी रहेगी।
अस्पताल प्रशासन ने विभागों को ड्रेस कोड का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। बताया गया कि पूर्व में भी ड्रेस कोड को लेकर निर्देश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन कुछ डॉक्टर और कर्मचारी इसका पालन नहीं कर रहे हैं। अब आदेश का अनुपालन नहीं करने पर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।