देहरादून में हाथी के हमले में महिला की मौत, सोलर फेंसिंग को लेकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

डोईवाला(देहरादून)। ग्राम पंचायत बड़ासी ग्रांट के धन्याडी में सोमवार शाम हाथी ने दूध लेकर घर लौट रही एक महिला पर हमला कर दिया जिस पर देर रात्रि हमले में गंभीर रूप से घायल महिला अंजली गुप्ता (37) की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ ग्रामीणों में आक्रोश है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से हाथियों की आवाजाही बनी हुई है और कई बार सोलर फेंसिंग लगाने की मांग उठाए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। जानकारी के अनुसार धन्याड़ी गांव निवासी अंजली गुप्ता पुत्री विक्रम सिंह मनवाल सोमवार शाम दूध लेकर घर लौट रही थीं

इसी दौरान रास्ते में हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्वजनों ने उन्हें देहरादून स्थित सीएमआई अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार धीरेंद्र पंवार समेत कई जनप्रतिनिधि देर रात अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली

दिन में सौड़ा सरोली में दिखाई दिया था हाथी

ग्रामीणों के अनुसार, घटना से पहले दिन में सौड़ा सरोली क्षेत्र के खेतों में हाथी देखा गया था। हाथी का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इसके बावजूद हाथी की आवाजाही को लेकर प्रभावी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई

ग्रामीणों ने बताया कि गत 15 जनवरी को थानों में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में ग्राम प्रधान राहुल मनवाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डोईवाला एसडीएम और विधायक के समक्ष क्षेत्र में सोलर फेंसिंग लगाने की मांग रखी थी। इसके बावजूद मांग पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्राम प्रधान राहुल मनवाल ने महिला की मौत पर गहरा रोष जताते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ सोलर फेंसिंग का कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *