Uttarakhand Weather: देहरादून-नैनीताल समेत 4 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, IMD की चेतावनी जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अगले 24 घंटे में और तल्ख हो सकता है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा और गर्जन के साथ बौछारों की संभावना जताई है। वहीं, देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान उक्त जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।

मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, सतर्क रहने की सलाह

रविवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल मंडराते रहे। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही। दोपहर बाद कुछ इलाकों में बौछारें पड़ीं, जबकि उमस ने लोगों को परेशान किया। देर शाम आसमान में घने बादल छा गए और भारी वर्षा के आसार बने रहे। रात में देहरादून के कुछ हिस्सों में जोरदार बारिश हुई।

ज्यादातर क्षेत्रों में घने बादलों का डेरा, बौछारों का दौर जारी

मौसम विभाग के अनुसार इन चार जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ वर्षा का अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर हो सकता है। इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी वर्षा की आशंका है।

इन जिलों समेत प्रदेश के शेष हिस्सों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र से अति तीव्र वर्षा के दौर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

देहरादून, 33.5, 24.0

पंतनगर, 33.5, 26.4

मुक्तेश्वर, 20.6, 15.2

नई टिहरी, 26.4, 16.2

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। भारी वर्षा के दौरान भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने की स्थिति पैदा हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *