Haridwar
हरिद्वार में शिवभक्तों का हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। आसमान से बरसते फूलों के बीच श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ इस पल का स्वागत किया।
हरिद्वार में कांवड़ यात्रियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यहां शिवभक्त कांवड़ियों का विशेष स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों के पैर धोकर उनका सम्मान किया। पूरे मार्ग पर भक्ति का माहौल देखने को मिला। आने वाले दिनों में कांवड़ यात्रा और रफ्तार पकड़ेगी।
इधर, कांवड़ मेले के सबसे बड़े पड़ावों में शामिल बैरागी कैंप भी अब डाक कांवड़ यात्रियों की आमद के लिए पूरी तरह तैयार है। पंचक समाप्त होने के बाद डाक कांवड़ियों के बड़े जत्थे हरिद्वार पहुंचने शुरू होंगे। इसके चलते अगले पांच दिनों तक बैरागी कैंप श्रद्धालुओं, वाहनों और अस्थायी बाजारों की चहल-पहल से गुलजार रहेगा। प्रशासन ने पार्किंग स्थलों को तैयार कर लिया है, जबकि पुलिस ने बैरिकेडिंग और निकासी मार्गों की व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है, ताकि यातायात सुचारु बना रहे।