दुनिया पर छाया भारत का नाम, देहरादून की पावनी बनीं मिस टीन टूरिज्म ग्लोब 2026

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून की युवा प्रतिभा पावनी छाबड़ा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए मिस टीन टूरिज्म ग्लोब 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया है।

फिलीपींस की एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संस्था द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में विश्व के कई देशों के प्रतिभागियों के बीच पावनी ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और भारतीय संस्कृति की गरिमामयी प्रस्तुति से निर्णायकों का दिल जीत लिया।

विजेता का ताज हासिल कर बढ़ाया भारत का गौरव

प्रतियोगिता में जापान, रूस, भारत, दुबई एवं संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), फिलीपींस सहित विभिन्न देशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच पावनी ने अपने प्रभावशाली व्यक्तित्व, मंच संचालन कौशल और सांस्कृतिक प्रस्तुति के दम पर विजेता का ताज हासिल कर भारत का गौरव बढ़ाया।

देहरादून में पली-बढ़ी पावनी छाबड़ा ने इस उपलब्धि के माध्यम से न केवल भारत का प्रतिनिधित्व किया, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्रतिभा और युवा शक्ति को भी वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। उनका यह सफर इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर छोटे शहरों के युवा भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।

पावनी की इस सफलता पर उत्तराखंड के लोगों में खुशी की लहर है। उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर हों, तो दुनिया का कोई भी मंच दूर नहीं रहता।

पावनी छाबड़ा की यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल उनके परिवार और देहरादून, बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का नया हौसला देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *