देहरादून। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए देहरादून पुलिस ने 30 जुलाई से 11 अगस्त तक विशेष ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सके।
एसपी ट्रैफिक देहरादून ने नागरिकों से अपील की है कि पांच अगस्त से कांवड़ मेला समाप्त होने तक हरिद्वार जाने वाले भारी वाहनों पर प्रतिबंध लागू रहेगा। आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस, पुलिस और फायर ब्रिगेड को छूट रहेगी।
नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने पर टोइंग और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अनावश्यक हार्न का प्रयोग न करने तथा ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने का भी अनुरोध किया गया है।
यह रहेगा रूट प्लान
हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और कुरुक्षेत्र की ओर से हरिद्वार जाने वाले भारी कांवड़ वाहनों को पांवटा साहिब, यमुनानगर, सहारनपुर, भगवानपुर और रुड़की होते हुए बैरागी कैंप भेजा जाएगा।
कुरुक्षेत्र-हरियाणा-हिमाचल प्रदेश से कांवड़ यात्रा जाने वाले छोटे वाहन पांवटा साहिब-धर्मावाला-दर्रारेट-बेहट-भगवानपुर-रुड़की-हरिद्वार से बैरागी कैंप
सहारनपुर से किसी भी कांवड़ यात्रियों के वाहनों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यदि कोई वाहन गलती से एक्सप्रेसवे या देहरादून सीमा में प्रवेश करता है तो उसे निर्धारित डायवर्जन के माध्यम से हरिद्वार की ओर भेजा जाएगा।
ऋषिकेश और नीलकंठ जाने वाले कांवड़ियों के लिए भी अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। भारी वाहनों को नेपाली फार्म, श्यामपुर और आईडीपीएल पार्किंग की ओर भेजा जाएगा, जबकि छोटे वाहनों को ऋषिकेश बाईपास, नटराज चौक और खाराश्रोत मार्ग से संचालित किया जाएगा। वापसी के दौरान भी सभी वाहनों के लिए अलग निकास मार्ग निर्धारित किए गए हैं ताकि शहर में यातायात का दबाव कम रहे।
देहरादून शहर में कांवड़ वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
मसूरी, राजपुर रोड, चकराता रोड, रायपुर और डोईवाला की ओर से आने वाले सामान्य वाहनों के लिए दिल्ली, हरिद्वार, सहारनपुर, हल्द्वानी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, उत्तरकाशी, यमुनोत्री और गंगोत्री जाने के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए महादेव चौक, आशारोड़ी, आईएसबीटी, कारगी चौक, नेपाली फार्म, नटराज चौक सहित 12 प्रमुख बैरियर और डायवर्जन प्वाइंट पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। ड्यूटी दो पालियों में संचालित होगी। वहीं ऋषिकेश, नीलकंठ और हरिद्वार में कई बड़े पार्किंग स्थल भी चिन्हित किए गए हैं, जहां कांवड़ वाहनों को पार्क कराया जाएगा।