देहरादून में भारी बारिश के बीच सुबह से फील्ड में डीएम, क्षतिग्रस्त सड़कों-पुलों का किया निरीक्षण

देहरादून। जनपद में मंगलवार सुबह से हो रही भारी वर्षा के बीच जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान स्वयं सुबह से फील्ड में उतरकर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।

उन्होंने विभिन्न स्थानों पर वर्षा से हुई क्षति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को राहत एवं बहाली कार्य युद्धस्तर पर करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले नंदा की चौकी पुल की क्षतिग्रस्त एप्रोच वॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन घंटे के भीतर एप्रोच वॉल को बहाल करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात सामान्य रखा जा सके

इसके बाद उन्होंने सोडा सरौली क्षेत्र का दौरा किया, जहां वर्षा से क्षतिग्रस्त प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की सड़क का निरीक्षण कर उसे तत्काल खोलने के निर्देश दिए। वहीं मलबा आने से बंद थानों मार्ग को यातायात के लिए बहाल करा दिया गया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ के साथ मालदेवता क्षेत्र की सड़क का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए

मालदेवता से जिलाधिकारी आईटी पार्क-सहस्त्रधारा मार्ग पहुंचे। यहां बल्दी नदी के किनारे सड़क की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने और संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

उधर, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने जानकारी दी कि चारधाम यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन तथा भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर आज और कल के लिए चारधाम यात्रा स्थगित कर दी गई है।

मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के समीप नहीं जाने तथा मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *