देहरादून। आत्महत्या के एक मामले में मृतक के बेटे की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मानसिक रूप से प्रताड़ित करने व धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित ने सुरक्षा की मांग भी की है। मामले में पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है
कारबारी ग्रांट निवासी मानवेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि उनके पिता गंभीर सिंह रावत को कुछ लोग लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे थे।
उनका आरोप है कि लगातार मानसिक उत्पीड़न और धमकियों से परेशान होकर उनके पिता ने 23 जुलाई को फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
शिकायतकर्ता ने बताया कि खुदकुशी से पहले उनके पिता ने सुसाइड नोट में बाकर अली, पंकज थपलियाल, साबिर अली, आज़ाद अली, गंगा प्रसाद बलोदी, नीरज गुप्ता, वासुदेव सिंह बिष्ट, विनोद जायसवाल, मुराद अली और पूनम शर्मा के नाम दर्ज हैं।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ये सभी लोग अब शिकायतकर्ता और उसके परिवार पर मुकदमा न करने का दबाव बना रहे हैं तथा जान से मारने की धमकियां भी दे रहे हैं।
मानवेन्द्र सिंह रावत ने पुलिस को बताया कि उन्हें और उनके परिवार को अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित नामजद व्यक्तियों की होगी।
पीड़ित ने पुलिस से सुसाइड नोट समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने, आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार को आवश्यक पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसांई ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।