Dehradun: नगर निगम कर्मचारी बनकर घर में घुसे बदमाश, बुजुर्ग महिला को बनाया बंधक; जेवर-नकदी लूटकर फरार

महिला घर में अकेली रहती हैं। रविवार को दो युवक उनके घर पहुंचे। दोनों ने खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताया। इस दौरान उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दिया।

रायपुर थाना क्षेत्र की गढ़वाली कॉलोनी में नगर निगम कर्मचारी बनकर आए दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने महिला के हाथ-मुंह बांध दिए, मारपीट की और सोने के जेवर व नकदी लूटकर फरार हो गए। मामले में रायपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गढ़वाली कॉलोनी गली नंबर-3 निवासी गीता काला ने बताया कि उनकी माता भुवनेश्वरी देवी घर में अकेली रहती हैं। रविवार 19 जुलाई को दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच दो युवक उनके घर पहुंचे। दोनों ने खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताते हुए दरवाजा खुलवाया और आधार कार्ड दिखाने के लिए कहा

तहरीर के मुताबिक, घर में प्रवेश करते ही दोनों आरोपियों ने सबसे पहले घर में लगे कैमरे बंद कर दिए और महिला का मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद उन्होंने नकदी की मांग की। विरोध करने पर दोनों ने बुजुर्ग महिला के हाथ और मुंह बांध दिए तथा उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके हाथ और पैरों में चोटें आईं।

आरोप है कि बदमाश महिला के कानों से सोने के कुंडल, एक सोने की अंगूठी और घर में रखे करीब तीन हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने रायपुर थाने पहुंचकर तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की पहचान और तलाश में जुट गई है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गढ़वाली कॉलोनी क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को बिना पहचान सत्यापित किए घर के भीतर प्रवेश न दें, चाहे वह किसी सरकारी विभाग का कर्मचारी होने का दावा ही क्यों न करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *