देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में छात्रों व युवाओं से संवाद करेंगें।
राहुल गांधी शाम को छह से आठ बजे दो घंटे छात्रों की गूंज संवाद कार्यक्रम में युवाओं के बीच नीट समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और पेपरलीक को लेकर युवाओं को हुई परेशानियों के बारे में बात करेंगे।
राहुल गांधी शुक्रवार दोपहर बाद पौने चार बजे चार्टर्ड विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह कार से राजपुर रोड स्थित होटल हयात सेंट्रिक पहुंचेंगे, जहां वह पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
इसके बाद वह छह बजे युवा संवाद स्थल रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल ग्राउंड पहुंचेंगे। युवाओं के साथ संवाद करने के बाद राहुल गांधी रात करीब नौ बजे कार्यक्रम स्थल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि बन्नू स्कूल मैदान में शुक्रवार को होने वाले छात्रों की गूंज कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
राहुल गांधी का देशभर के छात्रों और युवाओं में शिक्षा, समान अवसर और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष नया उत्साह और विश्वास जगाने वाला है। पेपर लीक, बेरोजगारी, शिक्षा में बढ़ती असमानता और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा हो रहा है।