देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की बारिश का दौर फिलहाल धीमा पड़ गया है। ज्यादातर क्षेत्रों में तेज धूप खिलने से मैदानी इलाकों में उमसभरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। अधिकतम तापमान भी सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है
राजधानी देहरादून में दिनभर चटख धूप खिलने से भीषण गर्मी महसूस की गई और पिछले दो सप्ताह में पहली बार अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। आज भी मौसम इसी प्रकार का बना रह सकता है
लगातार बारिश के बाद बीते तीन दिन से मौसम साफ होने और तेज धूप खिलने से तापमान में तेजी से वृद्धि हुई है। खासकर मैदानी क्षेत्रों में उमस के कारण गर्मी अधिक महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज कमोबेश इसी प्रकार बना रह सकता है। मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल व्यापक वर्षा के आसार नहीं हैं, जबकि पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बारिश का क्रम जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
प्रदेश के शेष पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर समेत मैदानी क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
ऐसे में धूप और उमस के कारण गर्मी का असर बरकरार रह सकता है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने व बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की आशंका है।
विभिन्न शहरों का तापमान
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 35.1, 25.0
पंतनगर, 36.0, 26.8
मुक्तेश्वर, 24.6, 14.1
नई टिहरी, 26.6, 16.4