उत्तराखंड में मानसून का कहर, देहरादून में बहा पुल; उत्तरकाशी में बनी ‘खतरे’ की झील

उत्तराखंड। मानसून उत्तराखंड में जमकर बरस रहा है, जिस कारण पहाड़ और मैदानी इलाकों में जन-जीवन अस्तव्यस्त हो गया है। वहीं आज राज्य के छह जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

अस्थाई पुल बहा

रविवार तड़के नदी के तेज बहाव के कारण देहरादून के प्रेमनगर में बनाया गया अस्थाई पुल बह गया। जिसके बाद नंदा की चौकी मे निर्मित नए पुल को यातायात के लिए शुरू कर दिया गया। यह पुल 15 सितंबर 2025 में क्षतिग्रस्त हुआ था। मरम्मत में 16 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

पुस्ता गिरने से मकान क्षतिग्रस्त

देहरादून बारिश के चलते रात के समय नई बस्ती विजय कॉलोनी में पुस्ता गिरने से मकान क्षतिग्रस्त हुए। इस दौरान फायर और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंची।

बाडवाला-जुड्डो मार्ग पर दरकी पहाड़ी

विकासनगर: बीते शनिवार रात को तेज बारिश के कारण बाडवाला-जुड्डो मार्ग पर हथियारी से करीब दो किमी आगे पहाड़ दरकने से यातायात बाधित हो गया। पहाड़ से भारी मात्रा में सड़क पर मलबा बोल्डर जमा होने से कई वाहन बीच रास्ते में फंसे रहे।

हथियारी के पास पहाड़ से गिरे एक पत्थर की चपेट में आने से बाइक सवार बाल बाल बचा। गनीमत ये रही पहाड़ से गिरे बोल्डर का एक टुकड़ा बाइक के पिछले हिस्से में लगने से बड़ी घटना टल गई। मार्ग पर जमा मलबे को हटाने के बाद रविवार सुबह यातायात संचालित होने से लोगों को बड़ी राहत मिली।

चारधाम यात्रा मार्ग लगातार बाधित

उत्तराखंड में वर्षा से जनजीवन प्रभावित है। चारधाम यात्रा मार्ग लगातार बाधित हो रहे हैं। उत्तरकाशी के स्यानाचट्टी में भूस्खलन से ध्वस्त यमुनोत्री राजमार्ग तीन दिन बाद भी नहीं खोला जा सका। यहां से वैकल्पिक मार्ग बनाने का कार्य जारी है।

मलबा जमा होने से स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर एक बार फिर झील बनने लगी है। सिंचाई विभाग मलबा हाटकर चैनलाइजेशन कार्य में जुटा है।

मौसम विभाग ने रविवार को देहरादून, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल व चंपावत के लिए वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *