देहरादून नगर निगम में रेंग रहे सांप, जान पर खतरा; लोगों में डर का माहौल

देहरादून। बारिश के मौसम में नगर निगम देहरादून का चक शाहनगर स्थित जोनल कार्यालय खुद असुरक्षित नजर आ रहा है।

आसपास की झाड़ियों और वर्षा के पानी के साथ सांप कार्यालय परिसर तक पहुंच रहे हैं, जिससे यहां तैनात कर्मचारियों और रोजाना आने वाले नागरिकों में भय का माहौल है।

बारिश के दौरान परिसर में घुस आते हैं सांप

बीते तीन दिनों में कार्यालय परिसर में अलग-अलग प्रजाति के दो सांप दिखाई देने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस जोनल कार्यालय में संपत्ति कर संग्रहण, संपत्ति नामांतरण समेत नगर निगम की कई महत्वपूर्ण सेवाएं संचालित होती हैं। रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यों के लिए यहां पहुंचते हैं।

इतना ही नहीं, आसपास के क्षेत्रों के संपत्ति अभिलेख भी इसी कार्यालय में सुरक्षित रखे गए हैं। डिफेंस कालोनी स्थित मंत्रियों, सांसदों और अन्य वीआइपी आवासों से संबंधित संपत्ति कर का कार्य भी यहीं से संचालित होता है। कार्यालय में तैनात कर्मचारियों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान सांप परिसर में घुस आते हैं। इस बार भी लगातार तीन दिनों के भीतर दो सांप दिखाई दिए हैं, जिससे कर्मचारी और आमजन दोनों दहशत में हैं।

कर्मचारियों ने वन विभाग से परिसर में पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने और सांपों को पकड़ने की मांग की है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि कार्यालय परिसर की झाड़ियों की तत्काल सफाई कराई जाए, नियमित फागिंग और कीटनाशक छिड़काव कराया जाए, वन विभाग के सहयोग से सुरक्षा उपाय किए जाएं और कार्यालय में सुरक्षा गार्ड की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि कर्मचारियों और आमजन की सुरक्षा के साथ-साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी सुरक्षित रह सकें।

सुरक्षा गार्ड की तैनाती भी जरूरी

जाेनल कार्यालय में लंबे समय से कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं है। गार्ड रूम पर ताला लटका हुआ है, जबकि कार्यालय में महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेख और रिकार्ड सुरक्षित रखे गए हैं। ऐसे में क्षेत्रवासियों का कहना है कि न केवल वन्यजीवों का खतरा बना हुआ है, बल्कि कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *