देहरादून के दून अस्पताल में 45 मिनट तक लिफ्ट में फंसा युवक, हड़कंप मचा

देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कालेज अस्पताल की इमरजेंसी के पांचवें तल पर सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक लिफ्ट जाम होने से उसमें एक युवक फंस गया।

तकरीबन पौने घंटे तक युवक वहीं फंसा रहा और सभी की सांसे अटकी रहीं। तकनीशियन और सुरक्षाकर्मियों की काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट खोली और युवक को बाहर निकाला।

बिजनौर निवासी इरशाद अहमद की पत्नी का सर्जरी विभाग में आपरेशन हुआ है। सोमवार तड़के चार बजे इमरजेंसी के पंचम तल से इरशाद लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे।

इस बीच लिफ्ट जाम हो गई। इरशाद ने बताया कि अंदर काफी गर्मी थी और वह कुछ देर तक घबरा गए थे। हालांकि, बाद में स्वजन को फोन किया तो उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी।

जिसके बाद तकनीशियन पहुंचे। उप चिकित्सा अधीक्षक डा. विनम्र मित्तल ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली तकनीकी टीम लिफ्ट तक पहुंची।

लिफ्ट वेंटिलेडेट है और सर्विस समय-समय पर होती रहती है। सुबह तकनीकी गड़बड़ी के चलते वह जाम हो गई। तकनीशियन और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि दोबारा ऐसी घटना न हो, इसके लिए सतर्क रहें।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *