देहरादून। देहरादून समेत उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में सोमवार सुबह बादलों का डेरा रहा और कई स्थानों पर झमाझम बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान सामान्य बना रहा और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
हालांकि, शाम होते-होते आसमान साफ हो गया और तेज धूप निकलने से उमस बढ़ गई। इसके चलते लोगों को गर्मी का एहसास फिर से होने लगा। मंगलवार को देहरादून समेत छह जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
सोमवार को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भी दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौनी जारी रही। कई स्थानों पर तेज बारिश की बौछारें भी पड़ीं, जिससे मौसम सुहावना बना रहा
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
विभाग ने देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा प्रदेश के पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने व वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना जताई गई है।
वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
विभिन्न शहरों का तापमान
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 34.2, 25.7
पंतनगर, 37.0, 26.6
मुक्तेश्वर, 22.6, 16.5
नई टिहरी, 26.9, 16.9