, देहरादून। उत्तराखंड में मानसून सक्रिय होने के साथ मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक रुक-रुक कर बौछारों का दौर जारी है।
शुक्रवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही, जिससे उमस बढ़ गई और अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई। आज भी आंशिक बादल छाने और कई इलाकों में घने बादलों के बीच भारी वर्षा के दौर हो सकते हैं।
शुक्रवार को सुबह से ही धूप और बादलों की आवाजाही के बीच उमसभरी गर्मी बनी रही। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में बौछारों के दौर जारी रहने से राहत महसूस की गई। इस बीच पिछले दो दिन से हो रही तेज बारिश का क्रम भी धीमा हो गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।
पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा प्रदेश के सभी पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज से अति तेज बारिश के दौर पड़ने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की है।
लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 34.1, 24.8
ऊधमसिंह नगर, 36.7, 25.0
मुक्तेश्वर, 24.0, 16.1
नई टिहरी, 25.8, 15.1
यह भी पढ़ें- Uttarakhand