देहरादून में शोकसभा से लौट रहे परिवार पर खौलते पानी से हमला, महिला गंभीर घायल

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के लोअर तुनवाला में शोकसभा से लौट रहे एक परिवार पर कथित रूप से खौलता पानी डालकर हमला करने और मारपीट करने का मामला सामने आया है।

पीड़ित की तहरीर पर रायपुर थाना पुलिस ने चार नामजद आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तीजे के कार्यक्रम से लौट रहे थे

पुलिस को दी गई तहरीर में लोअर तुनवाला निवासी टीटू कुमार ने बताया कि उनके साले वेद प्रकाश का 25 जून को निधन हो गया था। 27 जून की रात वह परिवार और रिश्तेदारों के साथ तीजे के कार्यक्रम से लौट रहे थे।

आरोप है कि रास्ते में पड़ोस में रहने वाले महिपाल, उसकी पत्नी सविता और उनके पुत्र सुमित और शिशिर ने उनके और रिश्तेदारों के साथ गाली-गलौज की तथा हमला करने का प्रयास किया। किसी तरह सभी लोग वहां से भागकर अपने घर पहुंचे

शिकायत के अनुसार अगले दिन 28 जून की सुबह जब वह दोबारा अपने साले के घर जा रहे थे, तभी आरोपितों ने पहले से योजना बनाकर उन पर खौलता पानी डाल दिया और लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में उनकी पत्नी माया देवी के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं

पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपितों के पुत्र उनकी बेटियों पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं, जिससे परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में रह रहा है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *