डोईवाला। लच्छीवाला में रेंज कार्यालय के समीप नया गांव में घर के आंगन से गुलदार एक कुत्ते को उठा कर ले गया। घटना के कुछ समय पूर्व ही कुछ स्कूटी सवार लोग इस मार्ग से निकले थे। गनीमत रही कि गुलदार ने उन पर हमला नहीं किया।
शनिवार को ही ग्रामीणों ने जंगली जानवरों के हमले व आबादी क्षेत्र में उनके प्रवेश के खतरे को भांपते हुए रेंज कार्यालय का घेराव किया था।
परंतु वन विभाग के अधिकारियों ने मामले पर गंभीरता नहीं दिखाई, जिसके चलते अगले दिन ही रविवार को घनी आबादी क्षेत्र में गुलदार घर के आंगन से एक कुत्ते को उठाकर ले गया।
घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। जिससे ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई है। वहीं वन विभाग के खिलाफ भी लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
सभासद प्रतिनिधि प्रकाश कोठारी ने कहा कि वन विभाग को जंगली जानवरों की आवाजाही आबादी क्षेत्र में रोकने हेतु ठोस कदम उठाने की मांग की गई थी।
परंतु विभाग इस पर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। जिसके चलते इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि विभाग ने सक्रियता नहीं दिखाई तो ग्रामीणों को उग्र आंदोलन करना पड़ेगा।