Uttarakhand Weather Today: 8 जिलों में मौसम विभाग का यलो अलर्ट, 3 दिन तक 50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का इंतजार अभी और लंबा खिंच सकता है। मानसून अभी छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के आसपास है। उत्तराखंड में अभी सप्ताहभर तक मानसून पहुंचने के आसार नहीं हैं।

हालांकि, उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है। मैदानी इलाकों में तेज धूप और बादलों की आंख-मिचौनी के बीच उमस लोगों को बेहाल कर रही है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है।

मंगलवार को भी आठ जिलों में गरज के साथ बौछार और तेज हवा चलने की चेतावनी है।

सोमवार को देहरादून सहित मैदानी क्षेत्रों में दिनभर धूप और बादलों का मिश्रित असर देखने को मिला। तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, देहरादून, टिहरी और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा की संभावना बनी हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने, गर्जन होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज लगभग इसी तरह बना रहेगा। पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बारिश और गर्जन की गतिविधियां जारी रहेंगी, जबकि मैदानी क्षेत्रों में उमस और गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं।, अधिकतम, न्यूनतम

देहरादून, 34.2, 25.3

पंतनगर, 38.0, 25.6

मुक्तेश्वर, 24.5, 15.2

नई टिहरी, 26.8, 13.7

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *