देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की दस्तक का इंतजार अभी जारी है। फिलहाल पहाड़ों पर आंशिक बादलों की आवाजाही बनी हुई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है
रविवार को भी देहरादून में सुबह से तेज धूप खिली रही। दोपहर बाद कुछ क्षेत्रों में बादल मंडराए, लेकिन वर्षा नहीं हुई। इसके चलते तापमान सामान्य से अधिक बना रहा और लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को राज्य के पर्वतीय जिलों में मौसम का मिजाज कुछ बदला हुआ रह सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है
वहीं, अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने देहरादून समेत आठ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने व 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है।
वहीं मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि तेज धूप और नमी के कारण इन क्षेत्रों में उमस बनी रह सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम का यही रुख बना रह सकता है।
देहरादून, 36.7, 24.5
पंतनगर, 36.4, 23.6
मुक्तेश्वर, 24.1, 14.9
नई टिहरी, 27.6, 14.8