उत्तराखंड में बदला मौसम: देहरादून समेत 8 जिलों में आज अंधड़-ओलावृष्टि का येलो अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों धूप और बादलों की आंख-मिचौनी के बीच मौसम लगातार करवट बदल रहा है।

सोमवार को राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

मौसम में आए बदलाव के कारण तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। आज भी प्रदेश के आठ जिलों में अंधड़-ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी दी गई है।

देहरादून में सुबह से तेज धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक रुख बदल लिया। आसमान में घने बादल छा गए और कुछ ही देर में झमाझम बारिश शुरू हो गई।

बारिश के बाद शाम को हल्की धूप निकली, लेकिन देर शाम फिर बादल घिर आए और कई क्षेत्रों में बौछारों का दौर शुरू हो गया।

इस दौरान देहरादून और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं तेज हवाएं भी चलीं। पर्वतीय क्षेत्रों में भी मौसम का मिजाज बदला रहा। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जबकि कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में ओलावृष्टि की भी सूचना है।

मौसम के इस बदले मिजाज से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मंगलवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है।

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

देहरादून, 35.8, 22.4

पंतनगर, 36.8, 23.2

मुक्तेश्वर, 25.6, 13.8

नई टिहरी, 25.8, 12.8

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *