उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला, कई जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल छाये हुए हैं और कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी है।

गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुककर वर्षा हुई, जबकि राजधानी देहरादून में सुबह हल्की बौछारों के बाद रात के समय गर्जन के साथ तेज बारिश दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों, विशेषकर 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई पर स्थित इलाकों में वर्षा के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने, वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर चलने तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। राज्य के शेष जिलों में भी गर्जन, बिजली चमकने, तेज बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *