देहरादून पालीटेक्निक मारपीट मामला: दारोगा के बाद कांस्टेबल भी निलंबित, STF कर्मी की भी संलिप्तता

देहरादून। पित्थूवाला स्थित राजकीय पालीटेक्निक संस्थान में शिक्षकों से मारपीट के मामले में एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल ने एक और पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया है।

निलंबित पुलिसकर्मी कांस्टेबल महेश उनियाल रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात हैं और घटना वाले दिन मारपीट करने वाले दारोगा दूरसंचार महेश कंडवाल के साथ था।

एसएसपी ने बताया कि पांच जून को पालीटेक्निक कालेज पित्थूवाला में शिक्षकों के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। शिक्षकों के साथ मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस लाइन में नियुक्त कांस्टेबल महेश उनियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया

इससे पहले रविवार को दारोगा महेश कंडवाल को निलंबित किया गया था। इस मामले में एसटीएफ उत्तराखंड में तैनात एक और पुलिसकर्मी की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने कार्रवाई के लिए एसटीएफ को रिपोर्ट भेजी है।

राजकीय पालीटेक्निक पित्थूवाला में पुलिस विभाग के दारोगा की ओर से बीती पांच जून को मारपीट का मामला सामने आया था। बेटे की हरकत पर पर्दा डालते हुए दारोगा अपने परिचितों के साथ संस्थान के अंदर दाखिल हुआ और शिक्षक व कर्मचारियों को बुरी तरह पीट दिया।

इस मामले में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने छात्र व उसके दारोगा पिता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं दारोगा की शिकायत पर चार शिक्षकों के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *