Dehradun News: राजपुर रोड स्थित साई मंदिर के समीप एक दीवार अचानक ढह गई है, जिसके नीचे एक महिला दब गई।
राजपुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक दीवार अचानक भरभराकर गिरने से 85 वर्षीय वृद्ध महिला मलबे में दब गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया
जानकारी के अनुसार आपदा कंट्रोल रूम देहरादून को सूचना मिली कि राजपुर रोड स्थित साई मंदिर के समीप एक दीवार अचानक ढह गई है, जिसके नीचे एक महिला दब गई है। सूचना पर पोस्ट सहस्त्रधारा से एसडीआरएफ टीम मुख्य आरक्षी दीपक पंत के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ जवानों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने मलबे में दबी महिला को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला। महिला घायल अवस्था में मिली, जिसे प्राथमिक उपचार देने के बाद तत्काल दून अस्पताल भेजा गया। घायल महिला की पहचान मनसा देवी (85 वर्ष) पत्नी घराहन सिंह, निवासी बिरगीर वाली, राजपुर रोड, देहरादून के रूप में हुई है।