देहरादून: पेट के कैंसर का अत्याधुनिक तकनीक से सफल उपचार, दून मेडिकल कॉलेज की टीम ने हासिल की उपलब्धि

देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कालेज अस्पताल के सर्जरी विभाग ने पेट के कैंसर के एक जटिल मामले का सफल आपरेशन कर नई उपलब्धि हासिल की है।

जिसमें उत्तरकाशी निवासी 70 वर्षीय बच्चन सिंह का अत्याधुनिक लैप्रोस्कोपिक तकनीक से सफल उपचार किया गया। मरीज अब तेजी से स्वस्थ हो रहा है।

सर्जरी विभागाध्यक्ष डा. अभय कुमार ने बताया कि मरीज पिछले कई महीनों से भूख में कमी, वजन घटने, पेट दर्द और भोजन के बाद असहजता जैसी समस्याओं से जूझ रहा था।

एंडोस्कोपी और बायोप्सी समेत विभिन्न जांचों में पेट के निचले हिस्से में कैंसर (कार्सिनोमा स्टमक) की पुष्टि हुई। रोग की अवस्था का विस्तृत मूल्यांकन करने के बाद लैप्रोस्कोपिक डिस्टल गैस्ट्रेक्टामी विद गैस्ट्रोजेजुनोस्टामी शल्यक्रिया का निर्णय लिया।

आपरेशन अत्याधुनिक लैप्रोस्कोपिक सिस्टम की सहायता से किया गया। जिसमें स्पाई कंट्रास्ट, ओवरले और कलर सेगमेंटल फ्लोरोसेंस जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया।

आपरेशन से पहले एंडोस्कोपी के माध्यम से कैंसरग्रस्त हिस्से में इंडोसायनिन ग्रीन डाई डाली गई, जिससे कैंसर प्रभावित क्षेत्र की सटीक पहचान संभव हो सकी।

करीब नौ घंटे तक चली इस जटिल शल्यक्रिया में कैंसरग्रस्त हिस्से को सुरक्षित रूप से निकालकर भोजन के सामान्य मार्ग को बहाल करने के लिए छोटी आंत को शेष पेट से जोड़ा गया।

वहीं, इस सफल जटिल आपरेशन पर दून मेडिकल कालेज प्राचार्य डा. गीता जैन ने पूरी टीम को बधाई दी है।

टीम में रेजिडेंट चिकित्सक डा. दिव्यांशु, डा. ईश्विंद्र, डा. वैभव, डा. मयंक, डा. हिमांशु, डा. वैष्णवी, जबकि एनेस्थीसिया टीम में डा. अभिमन्यु, डा. साक्षी, डा. मानसी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *