देहरादून। उत्तराखंड में दिनभर की तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बाद मंगलवार शाम मौसम ने करवट ली।
प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश और बौछार से लोगों को तपिश से राहत मिली और तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।
दिन के समय मैदानी क्षेत्रों में पारा 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से जलाती गर्मी महसूस की गई, लेकिन शाम होते-होते बदले मौसम ने राहत पहुंचाई।
बुधवार को भी कहीं-कहीं आंशिक बादलों के बीच गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने के आसार हैं।
प्रदेशभर में दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौनी का दौर चलता रहा। पर्वतीय क्षेत्रों में भी कहीं धूप खिली रही तो कहीं बादलों का डेरा रहा। शाम के समय कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार को भी प्रदेश के मौसम में बदलाव बना रहेगा। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी भी दी है।
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 35.0, 21.0
पंतनगर, 35.9, 21.6
मुक्तेश्वर, 21.8, 13.4
नई टिहरी, 26.4, 13.3