देहरादून। गिरफ्तारी के भय से हरियाणा के गालीबाज गायक मासूम शर्मा आखिरकार दून पहुंचा और डालनवाला कोतवाली में विवेचक के समक्ष पेश होकर बयान दर्ज कराए। इस दौरान उसके साथ खानपुर विधायक उमेश शर्मा भी मौजूद थे।
11 अप्रैल को डीएवी पीजी कालेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गायक ने मंच से गाली-गलौज की थी, जिसके विरुद्ध डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
नोटिस जारी करने के बाद भी जब मासूम शर्मा बयान दर्ज कराने देहरादून नहीं आया तो 12 मई को पुलिस की ओर से उसे रिमाइंडर नोटिस भेजा था, साथ ही चेतावनी दी कि यदि वह अब भी पेश नहीं होता है तो उसके खिलाफ गिरफ्तारी के वारंट जारी करवाए जाएंगे।
गायक मासूम शर्मा ने पुलिस को बताया कि 10 अप्रैल की रात को वह राजपुर रोड स्थित एक होटल में टीम के साथ रुका हुआ था। रात को उसके साथ मोनू रतधाना नामक व्यक्ति भी था। वह उसका पुराना परिचित था।
पहले वह मोनू रतधाना की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में गाने गाता था, लेकिन बाद में उसने गाना बंद कर दिया। मोनू उसे लगातार आपराधिक धमकी दे रहा था।
11 अप्रैल को डीएवी कालेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भी मोनू ने फोन कर धमकी दी, जिसके चलते आवेश में आकर उसने गाली-गलौज कर दी।
बयान दर्ज कराने खानपुर विधायक उमेश शर्मा के साथ दून पहुंचे मासूम शर्मा ने एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल से मुलाकात की।
इस दौरान उसने बताया कि धमकी देने वाले मोनू रतधाना के विरुद्ध 20 अप्रैल को राजपुर थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन उस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। एसएसपी डोबाल ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है।