देहरादून। प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। देहरादून में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने राज्य के कई मैदानी जिलों में हीट वेव को लेकर चेतावनी जारी की है।
विभाग के अनुसार हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और देहरादून जनपद के मैदानी क्षेत्रों समेत उत्तरकाशी के आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी
विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।
इन क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। जबकि राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
विभाग का कहना है कि अगले एक से दो दिनों तक तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
गुरुवार को प्रमुख स्थानों का तापमान (डिग्री सेल्सियस)
देहरादून-40.2
मसूरी -30.2
जौलीग्रांट- 40.2
टिहरी- 30.6
रुड़की- 41.8
खटीमा- 40.5
पंतनगर- 40.4
मुक्तेश्वर- 30.4
पिथौरागढ़- 33.1