उत्तराखंड में समय से पहले आएगा मानसून, पहाड़ों पर बारिश जारी, मैदानी इलाकों में बढ़ेगी गर्मी

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव बना हुआ है। जिससे आंशिक बादलों के बीच हल्की से मध्यम वर्षा के दौर जारी हैं।

हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क है और पारा चढ़ने लगा है। आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने की आशंका है। इस बीच मौसम विभाग ने मानसून को लेकर भी पूर्वानुमान जारी किया है। जिसके तहत इस वर्ष मानसून उत्तराखंड में समय से पहले पहुंचने की संभावना है

दक्षिण-पश्चिम मानसून के इस वर्ष 26 मई के आसपास केरलम पहुंचने की संभावना है। उत्तराखंड में मानसून के पहुंचने का सामान्य समय 20 जून माना जाता है।

केरलम से मानसून के उत्तराखंड तक पहुंचने में करीब 20 दिन लगते हैं, ऐसे में इस बार चार दिन पहले भी मानसून दस्तक दे सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 16 मई को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दक्षिण-पूर्व अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर के कई हिस्सों, निकोबार द्वीप समूह और अंडमान द्वीप के कुछ क्षेत्रों तक प्रगति कर ली है। इससे स्पष्ट है कि मानसून धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है

इधर, उत्तर भारत में भी मौसम प्रणाली सक्रिय बनी हुई है। जम्मू और उत्तर पाकिस्तान के आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसका असर उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम पर पड़ सकता है।

मैदानी इलाकों में पारा चढ़ने के आसार

उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, जिससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश के मैदानी इलाकों में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ने की संभावना जताई है। ऐसे में गर्मी लोगों को बेहाल कर सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है।

ऊंचाई वाले इलाकों में 4500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं प्रदेश के शेष मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आकाशीय बिजली और तेज हवा चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।

विभिन्न शहरों का तापमान

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

देहरादून, 35.8, 20.1

ऊधमसिंह नगर, 37.6, 19.6

मुक्तेश्वर, 26.6, 11.4

नई टिहरी, 24.9, 10.8

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *