ऑनलाइन मंगवाते हैं कोल्ड ड्रिंक! देहरादून में डिलीवरी स्टोर से पकड़ी 10 लीटर एक्सपायर Cold Drink

Dehradun। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को बालावाला और मियांवाला क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण कर कई अनियमितताएं पकड़ीं।

कार्रवाई के दौरान पांच किलो अनहाइजेनिक पनीर और एक ऑनलाइन स्टोर से 10 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक मौके पर नष्ट कराई गई।

वैध लाइसेंस के साथ कारोबार संचालित करने के निर्देश

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त और जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह की टीम ने क्षेत्र की डेयरियों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान आशीष डेयरी और किसान डेयरी बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित होती पाई गईं। विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर वैध लाइसेंस के साथ ही कारोबार संचालित करने के निर्देश दिए।

वहीं पाल डेयरी, बालावाला में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर सुधार नोटिस जारी किया गया। विभागीय टीम ने खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर सख्त नाराजगी जताई।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकायत मिलने पर जीएमएस रोड स्थित ऑनलाइन डिलीवरी स्टोर का भी निरीक्षण किया। संदेह के आधार पर यहां से बूंदी लड्डू और धनिया पाउडर के दो नमूने जांच के लिए लिए गए। साथ ही स्टोर संचालक को सुधार नोटिस जारी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *