देहरादून में सॉफ्टवेयर इंजीनियर से लूट, अनजान लोगों के साथ शराब पीना बना मुसीबत

देहरादून। प्रेमनगर थाना पुलिस ने साफ्टवेयर इंजीनियर के साथ हुई लूट का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से लूटा गया आइफोन बरामद किया है।

उसका साथी अभी फरार है। पुलिस का दावा है कि अनजान लोगों के साथ साफ्टवेयर इंजीनियर खुद गया था और शराब पी थी। जिसके बाद आरोपितों ने उसके साथ लूट की और छीना-झपटी में वह पुल से नीचे गिर गया था।

पकड़ा गया आरोपित 

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि छह मई की देर रात की लूट की घटना में पुलिस ने आरोपित को पकड़ा है। शिवाजी मार्ग, कांवली रोड निवासी आकाश, जो आइटी पार्क स्थित एक कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर हैं, ड्यूटी खत्म होने के बाद रात करीब सवा दो बजे सहस्रधारा क्रासिंग पर घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे।

तभी स्कूटी सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और गढ़ी कैंट का रास्ता पूछने लगे। बातचीत के दौरान युवकों ने आकाश को आगे तक रास्ता दिखाने के लिए स्कूटी पर बैठा लिया। इसके बाद तीनों सर्वे चौक, किशननगर और ओएनजीसी चौक होते हुए प्रेमनगर क्षेत्र की ओर निकल गए।

रास्ते में आरोपितों ने आकाश से कहा कि वे थोड़ा खा-पीकर उसे घर छोड़ देंगे। इस पर आकाश ने बताया कि उसके पास शराब है, जिसके बाद तीनों प्रेमनगर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन पुल पर पहुंच गए। पुलिस जांच में सामने आया कि वहां तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान आरोपितों ने आकाश से उसका मोबाइल फोन मांगा

जब उसने मोबाइल देने से इनकार किया तो दोनों युवकों ने उसके हाथ पीछे से पकड़ लिए और उसकी जेब से दो मोबाइल फोन एक आइफोन और एक रियलमी और 600 रुपये छीन लिए। छीना-झपटी के दौरान आकाश का संतुलन बिगड़ गया और वह निर्माणाधीन पुल से नीचे गिर गया। युवक के नीचे गिरते ही दोनों आरोपित घबरा गए और फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल आकाश को अस्पताल पहुंचाया गया।

शिकायत के आधार पर लगातार दबिश और निगरानी के बाद मंगलवार को पुलिस ने मिट्ठी-बेहड़ी रोड प्रेमनगर से आरोपित मृदुल गुरुंग को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह और उसका साथी अस्मित थापा नशे के आदी हैं। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *