प्लेसमेंट में चमके देहरादून के ग्राफिक एरा के छात्र, 61.63 लाख रुपये तक मिला पैकेज

देहरादून। ग्राफिक एरा ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस ने इस वर्ष प्लेसमेंट में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसी उपलक्ष्य में संस्थान के 723 छात्र-छात्राओं को बेहतरीन पैकेज पर चयन के लिए सम्मानित किया गया, जिसमें बीटेक में सर्वाधिक 61.63 लाख रुपये तक का पैकेज शामिल रहा।

छात्रों का गूगल, अमेजन, माइक्रोसाफ्ट, इंफोसिस, फ्लिपकार्ट, जेपी मार्गन, डेलाइट, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, अमूल, नेशनल आस्ट्रेलिया बैंक, यामाहा, नायका, लेंसकार्ट, एशियन पेंट्स सहित अनेक प्रतिष्ठित मल्टीनेशनल कंपनियों में चयन हुआ है।

सिल्वर जुबली कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में ग्राफिक एरा ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डा. कमल घनशाला वाइस व चेयरपर्सन डा राखी घनशाला ने छात्रों और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया।

डा. कमल घनशाला ने कहा कि करियर की शुरुआत में केवल उच्च पैकेज ही सफलता का मानक नहीं होता, बल्कि कार्यसंस्कृति, सीखने के अवसर और निरंतर विकास की संभावना अधिक महत्वपूर्ण होती है।

उन्होंने छात्रों को सकारात्मक सोच, प्रभावी संवाद, टीम भावना और असफलताओं से सीखकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के बीटेक छात्र प्रदीप रावत को गूगल में 61.63 लाख, शिवम अग्रवाल को डीई शा में 60.3 लाख, कुणाल कुमार को माइक्रोसाफ्ट में 56 लाख, अर्शिता और श्रेया महाजन को गूगल में 54.84 और आस्था मेहता व आदर्श भारती मूसा को अमेज़न में 47.88 लाख रुपये के पैकेज पर चयन होने पर एक-एक लाख रुपये नकद इनाम और ट्राफी से सम्मानित किया गया।

वहीं ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के बीटेक छात्र-छात्राओं में -प्रेरणा बडोनी और रक्षित बेनीवाल को माइक्रोसाफ्ट में 56 लाख रुपये, पलक अग्रवाल को गूगल में 54.84 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर चयन होने पर एक-एक लाख रुपये नकद इनाम और ट्राफी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *