देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। मैदानी क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडरा रहे हैं, जबकि पहाड़ों पर घने बादलों के बीच वर्षा और ओलावृष्टि के दौर हुए। कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ीं।
मौसम के बदले मिजाज से पारे में भी गिरावट दर्ज की गई। आज भी प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने और हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। सोमवार को कहीं-कहीं गरज के साथ ओलावृष्टि, अंधड़ और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
शनिवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह तेज धूप खिली रही। हालांकि, दोपहर बाद हल्की हवाओं के बीच आसमान में आंशिक बादल मंडराने लगे। जबकि देर शाम को तेज हवा, हल्की बूंदा बांदी और कहीं-कहीं ओले भी गिरे।
इसके अलावा रुद्रप्रयाग और चमोली में ज्यादातर क्षेत्रों में दोपहर बाद हल्की से मध्यम वर्षा के दौर हुए। टिहरी, पौड़ी और उत्तरकाशी में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि हुई और अंधड़ भी चला।
कुमाऊं में भी पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ तेज बौछारें पड़ीं। प्रदेश के ज्यादातर पर्वतीय क्षेत्रों में झमाझम वर्षा के दौर हुए, जिससे निचले इलाकों में भी पारे में गिरावट दर्ज की गई।
प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में न्यूनतम और अधिकतम दोनों ही तापमान सामान्य से कम बने हुए हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कही तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक कम पहुंच गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज भी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली भी चमक सकती है।
सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में वर्षा हो सकती है। देहरादून, नैनीताल समेत सात जिलों में वर्षा के तीव्र दौर, अंधड़, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
विभिन्न शहरों का तापमान
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 32.2, 20.3
ऊधमसिंह नगर, 34.0, 19.7
मुक्तेश्वर, 22.1, 10.3
नई टिहरी, 22.0, 11.1