ऋषिकेश । देहरादून मार्ग पर काली मंदिर के समीप तेज रफ्तार में आ रही उत्तर प्रदेश नंबर की एक तेज रफ्तार कार अचानक दूसरी लेन में चली गई। अनियंत्रित कार ने विपरीत दिशा से आ रहे कई वाहनों को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि हादसे में कोई गंभीर चोटिल नहीं हुआ।
इस दौरान मार्ग पर जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क के बीच से हटाकर यातायात को सुचारू किया। घटना के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वहीं इस मामले में ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कार का टायर फटने से यह हादसा हुआ।
सभी वाहन क्षतिग्रस्त
बुधवार दोपहर को एक कार देहरादून की ओर से आ रही थी। कार जैसे ही दून मार्ग पर काली मंदिर के पास पहुंची तो वह अनियंत्रित होकर दूसरी लेन की ओर चली गई। इस दौरान सामने से आ रही राजस्थान नंबर की कार को टक्कर मार दी। उसके पीछे आ रही दो अन्य कार भी इसकी चपेट में आ गई। वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
इस दौरान एक स्कूटी सवार भी वहां से निकला। वह भी दुर्घटना की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। कार सवार राजस्थान से मसूरी घूमने जा रहे पर्यटक और अन्य वाहन में सवार दो परिवारों के सदस्य भी बाल-बाल बच गए। दुर्घटना में उत्तर प्रदेश नंबर की तेज रफ्तार कार के चालक को हल्की चोटें आई हैं। इस दौरान मार्ग पर जाम लग गया
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर कब्जे में लिया। इस क्षेत्र में अक्सर इस तरह की घटना हो रही है।