देहरादून। उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्र भीषण गर्मी से बेहाल हैं। देहरादून समेत ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में गर्मी ने कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। पिछले 17 वर्ष में अप्रैल में सर्वाधिक तापमान रिकार्ड किया गया।
हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में बादल मंडरा रहे हैं और अगले कुछ दिन में वर्षा-ओलावृष्टि और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।
इधर मैदानी क्षेत्रों में आज भी भीषण गर्मी का प्रकोप रहने और लू चलने की आशंका है। जिसे देखते हुए देहरादून जिले में प्रशासन ने स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
देहरादून में रविवार को सूरज के तेवर और तल्ख हो गए व सुबह से ही शुष्क मौसम में झुलसाने वाली गर्मी पड़ने लगी। दोपहर में गर्म हवा के थपेड़ों ने बेहाल किया।
दून का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि पिछले 17 वर्ष में सर्वाधिक है।
अप्रैल में इससे पहले वर्ष 2009 में दून का पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा था, यह आल टाइम रिकार्ड है।
वहीं, प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।
हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया है।
उधर, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल मंडरा रहे हैं और सुबह-शाम हल्की ठंड बरकरार है। हाल ही में हुई बर्फबारी के चलते चारधाम और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड बनी हुई है।