देहरादून। Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड में मौसम शुष्क है और ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिल रही है। जबकि, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल भी मंडरा रहे हैं।
पहाड़ से लेकर मैदान तक तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है और दोपहर में चिलचिलाती गर्मी परेशान कर रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार और गुरुवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। चटख धूप खिलने से तापमान में वृद्धि हो सकती है। शनिवार से प्रदेश में मौसम फिर करवट ले सकता है।
देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप खिली रही। दोपहर में तपिश बढ़ गई, हालांकि हवा चलने के कारण भीषण गर्मी से कुछ राहत रही।
प्रदेश के ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में पारा सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रिकार्ड किया जा रहा है। पिछले 24 घंटे के भीतर अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट आई है और न्यूनतम तापमान में वृद्धि रिकार्ड की गई है।
पिछले कुछ दिनों से शुष्क मौसम के चलते दिन में झुलसाने वाले धूप पड़ रही है और खुले में निकलना दूभर हो गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है और चटख धूप खिलने के आसार हैं। जिससे पारे में एक डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि संभव है।
आगामी शुक्रवार को प्रदेश में ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। जिससे शनिवार से ज्यादातर जिलों में आंशिक बादल छाने और हल्की वर्षा की संभावना बन रही है।
विभिन्न शहरों का तापमान
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 36.0, 19.7
ऊधमसिंह नगर, 37.5, 15.0
मुक्तेश्वर, 25.3, 11.3
नई टिहरी, 26.4, 12.8