देहरादून में ठेकों के बाहर गुंडागर्दी: एक का गला काटने की कोशिश, दूसरे का हाथ तोड़ा

देहरादून। शहर में रात के समय आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के बावजूद पुलिस की सक्रियता सवालों के घेरे में नजर आ रही है। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात शराब की दुकानों के बाहर दो अलग-अलग घटनाओं में गंभीर हिंसा सामने आई।

पहली घटना चमन विहार स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के बाहर हुई, जहां एक युवक पर तेजधार हथियार से गला काटने का प्रयास किया गया।

दूसरी घटना निरंजनपुर सब्जी मंडी चौक के पास देसी शराब ठेके पर हुई, जहां दो सेल्समैन ने एक ग्राहक को डंडों से पीटकर उसका हाथ तोड़ दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

दयानंद नगर, शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी दिपांशु अरोड़ा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भाई हिमांशु अरोड़ा रविवार रात अपने दोस्त अंकित जैन से मिलने चमन विहार स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के पास गया था।

वहां कुछ युवक एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे थे। हिमांशु व उसके साथियों ने बीच-बचाव किया तो आरोपितों ने उन पर हमला कर दिया।

आरोप है कि मानव, हिमांशु, आयुष, ओम सिंह और उनके साथियों ने हिमांशु के गले पर धारदार हथियार से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल हिमांशु का प्रकाश दीप अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसके गले का ऑपरेशन किया गया है और हालत गंभीर बनी हुई है।

वहीं, इंस्पेक्टर विनोद गुसाईं ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

वहीं, दूसरी घटना में निरंजनपुर सब्जी मंडी चौक के पास देसी शराब की दुकान के बाहर मामूली कहासुनी के बाद दो सेल्समैन ने एक ग्राहक की बुरी तरह पिटाई कर दी। आरोप है कि एक सेल्समैन ने ग्राहक को पकड़ रखा, जबकि दूसरे ने डंडे से लगातार वार किए।

चंद्रशेखर आजाद कॉलोनी निवासी अनूप गुसाईं ने बताया कि वह रविवार देर रात शराब लेने ठेके पर गए थे, जहां सेल्समैन आनंद और फैजल ने उनसे बहस के बाद मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में उनके बाएं हाथ की हड्डी टूट गई।

घटना के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। बाजार चौकी प्रभारी प्रवीण पुंडीर ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *