प्रधानमंत्री मोदी के देहरादून दौरे पर शहर में टोल फ्री एंट्री, फास्टैग से भी नहीं कटेगा शुल्क

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल के प्रस्तावित देहरादून दौरे के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए लच्छीवाला टोल प्लाजा और आशारोड़ी बैरियर को पूरे दिन टोल मुक्त रखने के आदेश जारी किए हैं।

मंगलवार को सुबह पांच बजे से शाम आठ बजे तक यहां से गुजरने वाले सभी छोटे-बड़े वाहन बिना किसी शुल्क के गुजर सकेंगे। फास्टैग से भी कोई राशि नहीं काटी जाएगी।

जिलाधिकारी ने शहर में जाम की आशंका को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की है। देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण और जसवंत ग्राउंड (महिंद्रा ग्राउंड) में प्रस्तावित जनसभा के कारण बड़ी संख्या में वाहनों के देहरादून पहुंचने की संभावना है। सीमावर्ती क्षेत्रों और पर्वतीय जिलों से बसों व निजी वाहनों की आवाजाही बढ़ने का अनुमान है।

जिलाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि टोल प्लाजा पर वाहनों की कतार न लगे, इसलिए निर्धारित अवधि में दोनों प्रवेश बिंदुओं को पूरी तरह खुला रखा जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इससे शहर के भीतर यातायात दबाव कम होगा और मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति नियंत्रित रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *