देहरादून में सनसनीखेज मामला, पत्नी व तीन माह के बच्चे को कमरे में बंद कर युवक ने लगाई फांसी

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुन्दरवाला में एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के समय उसने पत्नी व 03 माह की बच्ची को अंदर कमरे में बंद कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को सिटी कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि सुन्दरवाला निवासी शुभम (24 वर्ष) निवासी ने अपने घर के कमरे में खिड़की की ग्रिल से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

मौके पर 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया, जहां स्वास्थ्य कर्मियों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की। पुलिस की ओर से शव को कोरोनेशन अस्पताल भेजकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही कराई गई।

प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस द्वारा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है। बताया जा रहा है कि शुभम की नवंबर 2024 में प्रेम विवाह हुआ। वह ड्राइविंग का काम करता था और पत्नी के साथ विवाद चल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *