देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कालेज अस्पताल की इमरजेंसी, जहां मरीजों को त्वरित इलाज मिलना चाहिए, वह सोमवार देर शाम मारपीट और हंगामे का केंद्र बन गई।
मेडिकल कराने पहुंचे जीजा और साले के बीच पुराना विवाद इतना बढ़ गया कि अस्पताल परिसर में ही दोनों आपस में भिड़ गए। इससे वहां अफरा-तफरी मचने से मरीजों-तीमारदारों में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, कांवली रोड क्षेत्र में दोनों के बीच पहले ही कहासुनी हो चुकी थी। इसी विवाद के बाद दोनों पक्ष शाम तकरीबन साढ़े सात बजे मेडिकल कराने दून अस्पताल पहुंचे थे।
इमरजेंसी में आमना-सामना होते ही विवाद दोबारा भड़क गया और देखते ही देखते गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई।
अस्पताल में अचानक हुए हंगामे से हालात बिगड़ने लगे, लेकिन मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों, डाक्टरों और स्टाफ ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों को अलग किया।
इमरजेंसी नोडल अधिकारी डा. अमित अरुण ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया गया और उनका उपचार भी किया गया। उन्होंने लोगों से अस्पताल परिसर में शांति बनाए रखने की अपील की है