देहरादून। Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से लगातार बादल मंडरा रहे हैं। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बौछारें भी पड़ रही हैं। देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में धूप और बादलों की आंख-मिचौनी जारी है।
मौसम विभाग ने आज भी पहाड़ों पर गरज-चमक के साथ वर्षा और अंधड़ की चेतावनी दी है। मैदानी क्षेत्रों में धूप खिलने से पारे में इजाफा हो सकता है।
सोमवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही धूप और बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही। कहीं-कहीं घने बादलों के बीच वर्षा के आसार बने रहे।
हालांकि, इस बीच उमस बढ़ गई और पारे में भी इजाफा हुआ। दून का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के करीब रिकार्ड किया गया।
पहाड़ों में ज्यादातर स्थानों पर बादलों का डेरा रहा। इससे पहले बीती रात कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा भी दर्ज की गई।
अगले कुछ दिन पर्वतीय क्षेत्रों में बादल छाये रहने और वर्षा के आसार हैं, जबकि निचले इलाकों में पारे में वृद्धि हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। आकाशीय बिजली चमकने और अंधड़ को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 31.8, 17.6
ऊधमसिंह नगर, 33.8, 18.2
मुक्तेश्वर, 23.5, 10.2
नई टिहरी, 22.5, 9.2